Coal India Recruitment 2026: अगर आप सरकारी नौकरी की तलाश में हैं और इंजीनियरिंग या किसी प्रोफेशनल कोर्स में ग्रेजुएशन कर चुके हैं, तो यह खबर आपके बहुत काम की है। कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) ने मैनेजमेंट ट्रेनी (MT) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। कोल इंडिया लिमिटेड ने 6 मई 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट coalindia.in पर CIL MT Recruitment 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती उन युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका है जो किसी बड़े सरकारी उपक्रम में करियर बनाने का सपना देखते हैं।
कितनी हैं वैकेंसी?
कोल इंडिया लिमिटेड ने कुल 660 वैकेंसी मैनेजमेंट ट्रेनी पदों पर जारी की हैं, जो कई इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग विषयों में हैं। इसके अलावा एक अलग नोटिफिकेशन (Advertisement No. 01/2026) के तहत GATE-2025 स्कोर के आधार पर माइनिंग डिसिप्लिन में 276 मैनेजमेंट ट्रेनी की और भर्ती की जा रही है। यानी कुल मिलाकर कोल इंडिया MT Recruitment 2026 में 936 पदों पर भर्ती की जाएगी।
कुल 660 वैकेंसी में 647 फ्रेश और 13 बैकलॉग पद शामिल हैं, जो 9 अलग-अलग विषयों में हैं। इन पदों में सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, IT, जियोलॉजी, हिंदी और कंपनी सेक्रेटरी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
रजिस्ट्रेशन कब से शुरू होगा?
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 मई 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी और आवेदन करने की अंतिम तारीख 11 जून 2026 शाम 6 बजे तक है। जो उम्मीदवार GATE-2025 स्कोर के जरिए माइनिंग पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उनके लिए आवेदन की तारीख 8 मई 2026 से शुरू होकर 7 जून 2026 तक है।
Also Read
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी दिन का इंतजार न करें। सर्वर पर भारी भीड़ की वजह से तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं, इसलिए जल्द से जल्द आवेदन करना समझदारी होगी।
शैक्षणिक योग्यता क्या चाहिए?
सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग जैसे पदों के लिए संबंधित ब्रांच में इंजीनियरिंग डिग्री में कम से कम 60% अंक जरूरी हैं। SC/ST/PwBD कैटेगरी के लिए यह सीमा 55% है।
फाइनेंस विषय के लिए CA या ICWA योग्यता जरूरी है। मार्केटिंग एवं सेल्स के लिए मैनेजमेंट में MBA या पीजी डिप्लोमा मांगी जाएगी। वहीं एनवायरनमेंट विषय के लिए एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग या संबंधित क्षेत्र की डिग्री जरूरी होगी।
अच्छी बात यह है कि जो उम्मीदवार 2025-26 के अकादमिक सत्र में अंतिम सेमेस्टर में पढ़ रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते उनका रिजल्ट 31 अगस्त 2026 तक आ जाए।
उम्र सीमा कितनी है?
जनरल (UR) और EWS कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 30 अप्रैल 2026 को 30 वर्ष तय की गई है। किसी भी कैटेगरी में उम्र 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। OBC उम्मीदवारों को 3 साल और SC/ST को 5 साल की छूट दी जाएगी। PwBD उम्मीदवारों को 10 से 15 साल तक की छूट मिल सकती है।
कोल इंडिया के स्थायी कर्मचारियों के लिए कोई उम्र सीमा नहीं रखी गई है।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
मैनेजमेंट ट्रेनी पदों के लिए चयन तीन चरणों में होगा, पहले कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT), फिर दस्तावेज सत्यापन और अंत में मेडिकल परीक्षण।
चयन प्रक्रिया में कोई इंटरव्यू नहीं होगा। मेरिट लिस्ट पूरी तरह CBT के अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। CBT की तारीख बाद में एडमिट कार्ड के जरिए जारी की जाएगी।
जो उम्मीदवार GATE-2025 स्कोर के जरिए माइनिंग ट्रेनी पद के लिए आवेदन कर रहे हैं, उनका चयन पूरी तरह GATE-2025 के माइनिंग इंजीनियरिंग (MN) स्कोर पर आधारित होगा। इसके लिए अलग से कोई लिखित परीक्षा नहीं ली जाएगी।

सैलरी और सुविधाएं
चुने गए उम्मीदवारों को E-1 ग्रेड में ₹60,000 से ₹1,80,000 तक का वेतनमान मिलेगा। इसके साथ HRA, मेडिकल सुविधाएं और परफॉर्मेंस-लिंक्ड पे (PRP) जैसे भत्ते भी दिए जाएंगे। यह पैकेज सरकारी नौकरियों में काफी आकर्षक माना जाता है।
आवेदन शुल्क कितना है?
जनरल, OBC (क्रीमी लेयर और नॉन-क्रीमी लेयर) और EWS कैटेगरी के उम्मीदवारों को ₹1180 (₹1000 + ₹180 GST) आवेदन शुल्क देना होगा। SC/ST और PwBD उम्मीदवारों को शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से होगा और एक बार भरा गया शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।
आवेदन कैसे करें?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को coalindia.in की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “Career with CIL” सेक्शन में जाकर “Jobs at Coal India” पर क्लिक करें। Advertisement No. 03/2026 पर क्लिक करें और नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर व ईमेल से रजिस्ट्रेशन करें। रजिस्ट्रेशन के बाद User ID और Password मिलेगा, जिससे लॉगिन करके फॉर्म भरें, दस्तावेज अपलोड करें और फीस जमा करें। आवेदन का प्रिंटआउट जरूर रखें।
किसी भी प्रकार का ऑफलाइन या हार्ड कॉपी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
क्यों है यह भर्ती खास?
कोल इंडिया लिमिटेड दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है, जो भारत के कुल कोयला उत्पादन में लगभग 75% की हिस्सेदारी रखती है और इसमें लगभग 2.12 लाख कर्मचारी काम करते हैं। ऐसे में यहां नौकरी मिलना न सिर्फ करियर के लिहाज से बढ़िया है, बल्कि नौकरी की सुरक्षा और भविष्य के विकास के मौके भी शानदार हैं।
जरूरी बातें जो याद रखें
आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन PDF को ध्यान से पढ़ें। अपने दस्तावेज जैसे मार्कशीट, डिग्री, जाति प्रमाण पत्र, फोटो और हस्ताक्षर सही फॉर्मेट में तैयार रखें। ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर कम से कम एक साल तक एक्टिव रखें, क्योंकि भर्ती से जुड़ी सभी सूचनाएं वहीं भेजी जाएंगी। CBT की तारीख और एडमिट कार्ड के लिए coalindia.in को नियमित रूप से चेक करते रहें।
महत्वपूर्ण तारीखें एक नजर में:
- नोटिफिकेशन जारी: 6 मई 2026
- रजिस्ट्रेशन शुरू (Advt. 03/2026): 12 मई 2026
- आवेदन की अंतिम तारीख: 11 जून 2026 (शाम 6 बजे)
- GATE आधारित आवेदन (Advt. 01/2026): 8 मई से 7 जून 2026
- आधिकारिक वेबसाइट: coalindia.in
यह भी पढ़ें: BPSC 72th CCE 2026: 1230 पद, ऐसे करें तुरंत आवेदन


