Union Bank Apprentice Recruitment 2026: अगर आप ग्रेजुएट हैं और बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI) ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसमें कुल 1865 पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि यह मौका उन युवाओं के लिए है जो बैंक में काम करने का असली अनुभव लेना चाहते हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन की आखिरी तारीख 19 मई 2026 है। यानी आपके पास सिर्फ तीन हफ्ते का वक्त है। देर मत कीजिए।
क्या है Union Bank Apprentice Recruitment 2026?
यह भर्ती Apprentices Act, 1961 के तहत निकाली गई है। इसमें चुने गए उम्मीदवारों को एक साल के लिए बैंक की अलग-अलग शाखाओं में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग दी जाएगी।
सीधे शब्दों में कहें तो यह एक ट्रेनिंग प्रोग्राम है, जिसमें आप बैंक के रोजाना के काम सीखेंगे। यह बैंक में नौकरी नहीं है। इस अप्रेंटिसशिप के बाद बैंक आपको परमानेंट नौकरी देने के लिए बाध्य नहीं है। लेकिन एक साल का यह बैंकिंग अनुभव आपके रिज्यूमे को मजबूत जरूर बनाएगा।
Also Read
कितनी है वेकेंसी और कहां-कहां के लिए?
कुल 1865 पद अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बांटे गए हैं। सबसे ज्यादा सीटें उत्तर प्रदेश में हैं जहां 335 पद हैं। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 303, महाराष्ट्र में 196 और तेलंगाना में 164 पद हैं।
हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और मेघालय जैसे राज्यों में सिर्फ 1-1 सीट है, इसलिए वहां के उम्मीदवारों के लिए मुकाबला बेहद कड़ा होगा।
एक जरूरी बात आप सिर्फ एक ही राज्य के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसलिए सोच-समझकर राज्य चुनें।
कौन कर सकता है आवेदन? योग्यता क्या चाहिए?
शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। ग्रेजुएशन का रिजल्ट 1 अप्रैल 2026 से पहले घोषित होना चाहिए। और डिग्री 4 साल से पुरानी नहीं होनी चाहिए यानी 1 अप्रैल 2022 के बाद पास होना जरूरी है।
आयु सीमा: आवेदन के लिए उम्र 20 से 28 साल के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
काम का अनुभव: जिन उम्मीदवारों को ग्रेजुएशन के बाद एक साल से कम का काम का अनुभव है, वे आवेदन कर सकते हैं। जो लोग पहले कहीं अप्रेंटिसशिप कर चुके हैं, वे इस भर्ती के लिए योग्य नहीं हैं।
स्थानीय भाषा की जानकारी: जिस राज्य के लिए आवेदन कर रहे हैं, उस राज्य की स्थानीय भाषा पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना आना चाहिए।
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 800 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। SC, ST और महिला उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 600 रुपये है। एक बार जमा किया गया शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा, जिसके बाद स्थानीय भाषा का टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा होगी।
परीक्षा का पैटर्न: ऑनलाइन परीक्षा में चार सेक्शन होंगे, सामान्य और वित्तीय जागरूकता, सामान्य अंग्रेजी, मात्रात्मक और रीजनिंग योग्यता, और कंप्यूटर ज्ञान। इस परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं है।
परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी और उम्मीदवार अपने खुद के कैमरा युक्त डेस्कटॉप, लैपटॉप, टैबलेट या स्मार्टफोन से परीक्षा दे सकते हैं।
परीक्षा मई-जून 2026 में होने की संभावना है।
Union Bank Apprentice Recruitment 2026-स्टाइपेंड कितना मिलेगा?
यह बहुत से लोगों का सबसे पहला सवाल होता है। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में पोस्टिंग पर 15,000 रुपये प्रति माह, शहरी क्षेत्रों में 18,000 रुपये और मेट्रो शहरों में 20,000 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड मिलेगा। इसके अलावा कोई और भत्ता नहीं दिया जाएगा।
कैसे करें आवेदन? स्टेप बाय स्टेप जानिए
आवेदन करने से पहले NAPS पोर्टल (www.apprenticeshipindia.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन करके NAPS Apprentice Code लें। फिर NATS पोर्टल (nats.education.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन करके NATS Enrolment Number लें।
इसके बाद BFSI SSC पोर्टल (beep.bfsissc.com) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें। आवेदन के समय आधार कार्ड, PAN कार्ड, मार्कशीट और फोटो अपलोड करनी होगी। फीस UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से दे सकते हैं। फॉर्म सबमिट करने के बाद प्रिंटआउट जरूर लें।
एक बात याद रखें – एक से ज्यादा आवेदन नहीं करना है। अगर किसी ने एक से अधिक फॉर्म भरे, तो सिर्फ आखिरी वाला मान्य होगा।
Union Bank Apprentice Recruitment 2026-जरूरी तारीखें एक नजर में
| काम | तारीख |
|---|---|
| नोटिफिकेशन जारी | 28 अप्रैल 2026 |
| ऑनलाइन आवेदन शुरू | 29 अप्रैल 2026 |
| आवेदन की आखिरी तारीख | 19 मई 2026 |
| परीक्षा (संभावित) | मई-जून 2026 |
क्या यह मौका आपके लिए सही है?
जो उम्मीदवार 2022 से 2026 के बीच ग्रेजुएट हुए हैं, उम्र 20-28 के बीच है और पहले कोई अप्रेंटिसशिप नहीं की है, उनके लिए यह बेहतरीन मौका है।
जो इस एक साल को सीढ़ी की तरह इस्तेमाल करें और साथ में IBPS PO, SBI Clerk या RRB जैसी परीक्षाओं की तैयारी करें, उनके लिए यह प्रोग्राम बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। बैंक का काम करते हुए बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी करना – इससे बेहतर कॉम्बिनेशन और क्या हो सकता है।
यह भी पढ़ें: JTET 2026 Application Form: झारखंड टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के लिए आवेदन शुरू, जानें पूरी जानकारी


